सागरिका घोष को मैंने बहुत देर से जानना शुरु किया. सीएनएन-आइबीएन पर बुद्धदेव भट्टाचार्य का इंटरव्यू करते हुए इस बोल्ड एंड ब्यूटीफूल महिला का नाम मैंने अपने मित्र से पूछा था. सागरिका घोष! किए, अहाँ नै चिन्है छियै? मैथिली में उनकी स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी. खैर, इस महिला में कुछ था जिसके चलते हमने अपने कम्प्यूटर में लगे टीवी कार्ड के जरिए उनकी तस्वीर कैप्चर कर ली थी. एक चोरमना किशोरवय बिहारी की तरह मैं वह उस तस्वीर को जब-तब देखा करता.
मेरे अध्यवसायी मित्र हिन्दुस्तानी लेखकों के अंग्रेजी उपन्यासों के शौकीन हैं और हाल में उन्हें एक उपन्यास हाथ लगी. नाम था- ‘दी जिन ड्रिंकर्स’. लेखक- सागरिका घोष. अरे! ये तो वही सागरिका घोष हैं! फ्लैप पर बिना स्ट्रोक किए पासपोर्ट साईज तस्वीर को देखकर मैंने कहा था.
दी जिन ड्रिंकर्स:वुड-बी सोशलाइटों का अपना, आधी रात का सपना
सागरिका का यह उपन्यास कई मायनों में दिलचस्प और महत्वपूर्ण है। मित्र ने जहाँ इस उपन्यास के तारीफों की पुल बाँधी वहीं कई सीमाएँ भी गिनाईं. एक दफ़ा गुस्से में यह तक कहा कि भई सागरिका खुद ऑक्सफोर्ड... नहीं.. नहीं.. ऑक्सफर्ड में पढ़ी हैं और उन्हें कुछ लिखना था सो उन्होंने लिखकर अपनी छुट्टी छुड़ाई.
लेकिन ऑक्सफोर्ड या ऑक्सफर्ड(??) के उच्चारण संबंधी वर्गभेदी चारित्रिक विशेषताओं वाले संदर्भों से आगे भी इस उपन्यास में बहुत कुछ है. उपन्यास भारत और विदेशों के अभिजात्य उच्च शिक्षा संस्थानों की सेमिनारी संस्कृति में होनेवाली मगजमारी को बहुत सलीके से उधेड़ती है. इस व्यवस्था की उपज उनके पात्र इस नए भारत के जटिल ताने-बाने में अपनी भूमिका को परिभाषित करने की छटपटाहट लिए कहाँ-कहाँ फिरते हैं.
वास्तव में, एक छोटे से वर्ग का अपने ही देस में अजनबी होने की त्रासदी इस खास वर्ग को किस कदर उलझा सकती है इसकी झलक यहाँ देखने को मिलती है. यहाँ ओरिएनट्स और ऑक्सिडेंट्स के स्टीरीओटाइप को तोड़ते हुए पूरब के पश्चिम को देखने और पश्चिम द्वारा पूरब को देखने का एक अनूठा नज़रिया पेश किया गया है. क्रिश्टीन और सैम ऐसे ही पात्र हैं. अपने सैंद्धातिक लहजे में जिसे भारतीय बुर्जुआ चिंतक ‘इंडोलोजी’ कहते हैं उसी के माध्यम से इन अकादमिक जुगाली करने वालों पर बड़े ही भोलेपन से कई तंज किए गए हैं. इनके अपने अंतरतल में बसे जन्मजात पूर्वाग्रहों को आईना दिखाने के लिए क्रिश्टीन और सैम का कई बार इस्तेमाल किया गया है. बड़ी ही चालाकी से इकराम गिलक्रिस्ट नाम के प्रसिद्ध लेखक के जरिए इसमें संतुलन बिठाने की कोशिश भी दीख पड़ती है.
उमा, ध्रुव, माधवी जैसे ऑक्सफर्ड रिटर्न, तुक्के से(?) जेएनयू के रास्ते ऑक्सफर्ड तक पहुँचे एक दलित युवक जय प्रकाश, सिविल सर्वेंट शांतनु, एक आदर्श शिक्षक पामेला सेन और अति-क्रांतिकारिता की मध्यवर्गीय खुमारी से ग्रस्त डीके इन सबके सपनों के ताने-बाने में बुनी गई एक कहानी है यह.
सागरिका का यह उपन्यास कई सारी बहसों में एक साथ हस्तक्षेप करने का सायास कवायद जान पड़ता है. आरक्षण के झुनझुने के प्रति एक दलित का अस्वीकार रखने वाला जय प्रकाश सरकारी मुलाजिम बनने की जगह कुछ और बनना चाहता है. वह रिप्रेजेन्टेशन की चालू राजनीतिक धारणा को चुनौती देता नजर आता है. सागरिका ने एक जगह उससे बड़े ही आक्रोश में कहलावाया है- “But what if Sambhai, what if I don’t want to be what the affirmative action laws want me to be? The government in its wisdom has decided, oh these are Untouchables make them study in some government schools and then make them clerks in the government. But what if I don’t want to be a government clerk, Sambhai? What if I don’t want to go from being a slave in society to a slave in the government? What if want food for my brain, not only for my stomach? What about that Sambhai? What if I want to be a poet? Or a composer or an author or an architect? What if I want to be Rabindranath Tagore or Dostoevky? What if want to be Kalidasa or Panini? What if I want to be Milton or Tolstoy? Such things I can’t be Sambhai. I cant be such things.”
…………… “Because”…“knowledge is still not free in India. Knowledge is an…how you say…how Christine says…..instrument of……er, domination…. Knowledge is …Politics… Untouchables are supposed to know …..nothing.”
अंग्रेजी के एक्सेंट से लेकर हिंदी और बांग्ला के भाषिक उलझनों पर भी कई जगह टिप्पणी है. स्वाभाविकता लाने के लिए कई जगह हिंदी के संवादों का भी उनके स्वाभाविक अंदाज में इस्तेमाल किया गया है. हाँ, प्रेम संबंधों को देखने का प्रौढ़ नज़रिया कई बार हावी होता जान पड़ता है लेकिन नयापन है. ‘बैड सेक्स’ से बचने की तरुण तेजपाल की हिदायत का सागरिका ने पूरी तरह पालन किया है हालाँकि कई जगह इसकी गुंजाईश हो सकती थी।
भारत के बुर्जुआ पब्लिक स्फीयर में अपनी अलग पहचान बनाने वाली सागरिका घोष राजदीप सरदेसाई की विवाहिता हैं. टीवी स्क्रीन पर ऊँची आवाज़ में उछल-उछल कर न्यूज पढ़ने वाले उनके पति किसी परिचय के मोहताज़ नहीं हैं. 42 वर्षीय सागरिका दो बच्चों की माँ भी हैं.
Tuesday 13 March 2007
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
2 comments:
शशिजी आप तो अवयक्त हैं साथ ही आपने सागरिका घोष की जिस किताब की समीक्षा की है वह भी कहीं न कहीं आपके भीतर जीने वाले शशि को जोड़ती है।मैं यह कहने में इसलिये सक्षम हो पा रहा हूँ क्योंकि आपने प्रस्तुत पुस्तक के जिस अंश को सीधे सीधे उल्लेखित किया है उसका चयन आपके व्यक्तित्व को भी प्रकट करता मालूम होता है।चूंकि आपके प्रोफाइल से यही मालूम पड़ता है कि आप बहुत ही स्वछंद किस्म के हैं।आप वह राहगीर जान पड़ते हैं जिसे राहों की तो अच्छी खबर है किन्तु मुकाम??????????
ओह मेरा मानना है कि धरे धराए या कहूं कि बने बनाए सिस्टम में खुद के किस्म के मुकाम को पाना हालांकि 'पाना' शब्द आपके लिये माकूल नहीं जान पड़ता पाने की जगह 'बनाना' ही उपयुक्त होगा।तो आप यह मुकाम बनाना चाहते हैं।बेशक में इस आंकलन में गलत हो सकता हूं किन्तु मुझे जो जान पड़ा वो मैंने व्यक्त कर दिया।
Guru aap ki prastutee sach much mazedar hai
Post a Comment